हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की सभा के बाद कार्यक्रम स्थल के हवन-पूजन से शुद्धिकरण किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे अनुसूचित जाति वर्ग का अपमान बताते हुए विरोध प्रदर्शन किया और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की सभा के बाद कार्यक्रम स्थल का हवन-पूजन कर शुद्धिकरण किए जाने का मामला गरमा गया। कांग्रेस ने इसका भारी विरोध किया। सोमवार को कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के कार्यकर्ताओं ने पुलिस मुख्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया और एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
विज्ञापन
कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के खिलाफ धारा चौकी में मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर भी दी। वहीं विकासनगर में पूर्व नेता प्रतिपक्ष और चकराता विधायक प्रीतम सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खरगे के भाषण मंच के शुद्धिकरण के विरोध में सोमवार को शिकायत पत्र सौंपे।
कार्यकर्ताओं ने विकासनगर, सहसपुर कोतवाली और सेलाकुई थाने में शिकायत देकर घटना को अनुसूचित जाति वर्ग का अपमान बताया और शुद्धिकरण करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। इस दौरान भाजपा के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।