भारत-नेपाल सीमा पर राष्ट्रविरोधी गतिविधियों को लेकर बनाए गए 20-20 खालिस्तान रेफ्रेंडम व्हाट्सएप ग्रुप के मुख्य एडमिन कुलविंदर सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को जांच में पता चला कि मुख्य एडमिन ने विदेशों में सक्रिय खालिस्तान समर्थक संगठनों के यू ट्यूब पर प्रसारित वीडियोज से प्रभावित होकर 20-20 खालिस्तान रेफ्रेंडम ग्रुप बनाया।
इसमें उसने स्थानीय और बाहर के कई लोगों को जोड़ा। आरोपी कुलविंदर सिंह क्षेत्र के हल्दी घेरा का रहने वाला है। बता दें कि पुलिस ने उक्त ग्रुप के एक एडमिन हरजीत सिंह को चार सितंबर को गिरफ्तार किया था। इसके बाद से ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटीं रहीं। इस दौरान पुलिस हरजीत सिंह से पूछताछ करती रही।
कोतवाल योगेश चंद्र उपाध्याय ने बताया कि ग्रुप के मुख्य आरोपी खटीमा के हल्दी घेरा निवासी कुलविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।