केंद्रीय विद्यालयों में कक्षा एक के दाखिलों की दौड़ काफी मुश्किल नजर आ रही है। एक ओर जहां पूरे प्रदेश में एक सीट पर करीब चार दावेदार हैं, वहीं देहरादून के केंद्रीय विद्यालय ओएनजीसी में एक सीट पर 13 दावेदार छात्र सामने आए हैं। सभी की लॉटरी 11 अगस्त को निकाली जाएगी।
विज्ञापन
केविएस से मिली जानकारी के मुताबिक, प्रदेश के 47 केवि में पहली कक्षा की 3200 सीटों के लिए 11,162 आवेदन आए हैं। इसमें 6,064 बालक और 5,098 बालिकाएं शामिल हैं। हर साल की तरह इस साल भी सबसे ज्यादा मारामारी केवि ओएनजीसी में दाखिलों के लिए है।
यहां 80 सीटों पर 1025 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया है। यानि कि एक सीट के लिए 13 छात्र दावेदार होंगे। इसके बाद केवि एफआरआई की 80 सीटों के लिए 925 छात्रों ने आवेदन किया है। यानि यहां एक सीट पर 12 दावेदार होंगे।
विज्ञापन
इसके बाद आईटीबीपी की 160 (120 सुबह एवं 60 सीटें शाम की शिफ्ट) सीटों के लिए 728 आवेदन आए हैं। केविएस देहरादून के उपायुक्त विनोद कुमार ने बताया कि पंजीकृत छात्रों की पहली सूची 11 अगस्त को और दूसरी सूची 24 अगस्त को जारी होगी। सीटें खाली रहने पर 26 अगस्त को तीसरी सूची जारी की जाएगी।