गुरु नानक देव की शिक्षाओं का प्रचार-प्रसार करने के लिए जागृति संगत की ओर से निकाली गई जागृति यात्रा बुधवार को दून पहुंची। कर्नाटक से निकली यात्रा के द्रोणनगरी के पहुंचने पर दून की संगत ने जोरदार स्वागत किया।
रेसकोर्स गुरुद्वारा में बुधवार सुबह प्रभाती नगर कीर्तन के बाद यात्रा गुरुद्वारा श्री गुरु नानक निवास में पहुंची। यहां सुंदर पालकी में विराजमान हस्तलिखित साढे़ तीन सौ साल पुराने श्री गुरु ग्रंथ साहिब पर मत्था टेक श्रद्धालुआें ने आशीर्वाद लिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री के ओएसडी जेसी खुल्वे ने मुख्यमंत्री की ओर रूमाला साहिब एवं प्रसाद भेंट किया। इसके बाद यात्रा बुद्धा चौक, दर्शन लाल चौक से घंटाघर पहुंची। यहां पर दून की संगत ने यात्रा का स्वागत किया। इसके बाद यात्रा पांवटा साहिब के लिए रवाना हो गई। इस अवसर पर हरमोहिंदर सिंह, बलबीर सिंह सहानी, अमरजीत सिंह नोटी, अमरजीत सिंह चिटा, जगमिंदर सिंह छाबड़ा, जगजीत सिंह, गोल्डी रतरा, मनजीत सिंह, देवेंद्र पाल सिंह मोंटी, राजेंद्र सिंह राजा, सतनाम सिंह आदि मौजूद रहे।