उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों के लिए मौसम विभाग की ओर से आज विशेष सतर्क रहने की सलाह दी गई। इसी के मद्देनजर रुद्रप्रयाग जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ बैठक की।
मौसम विज्ञान विभाग की ओर से भारी वर्षा और प्रतिकूल मौसम की संभावना को देखते हुए जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने शनिवार को जिला आपदा परिचालन केंद्र में अधिकारियों के साथ बैठक कर मौसम की स्थिति और आपदा प्रबंधन तैयारियों की समीक्षा की।
विज्ञापन
जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को अलर्ट मोड पर रहने और अपने-अपने क्षेत्रों में मौसम की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपात स्थिति की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग शीघ्र कार्रवाई करें और आपसी समन्वय से राहत एवं बचाव कार्य संचालित करें।
जिलाधिकारी ने आपदा परिचालन केंद्र से कैमरों के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों की स्थिति की निगरानी की। साथ ही केदारनाथ धाम यात्रा की भी लगातार मॉनिटरिंग की गई। उन्होंने बताया कि वर्तमान में केदारनाथ यात्रा सुचारु रूप से संचालित हो रही है। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न स्थानों पर प्रशासन की टीमें तैनात हैं और मौसम के अनुसार आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
उन्होंने खोज एवं बचाव दलों को भी जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई के लिए तैयार रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों को प्रतिकूल मौसम के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने और जनसुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।