केदारनाथ धाम यात्रा मार्ग पर इन दिनों गंदगी बढ़ने लगी है। कई स्थानों पर फैली गंदगी और घोड़े-खच्चरों की लीद से उठ रही दुर्गंध के कारण स्थानीय लोगों और तीर्थयात्रियों को परेशानी हो रही है। वहीं मार्ग पर लीद जमा होने से कई जगह पैदल मार्ग पर फिसलन हो रही है।
उधर, सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रही सुलभ इंटरनेशनल के स्थानीय प्रबंधक धनंजय पाठक ने बताया कि बरसात के बाद भी सभी सफाई कर्मी पैदल मार्ग पर लगातार तैनात हैं। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही बारिश के कारण एकत्रित की गई लीद और कचरा बरसाती पानी के साथ बह रहा है।
बिना पंजीकरण घोड़ा-खच्चर संचालन पर सख्ती
केदारनाथ यात्रा मार्ग पर बिना पंजीकरण घोड़ा-खच्चर संचालन करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। बिना लाइसेंस हॉकर रखने वाले संचालकों के चालान काटे जा रहे हैं और लाइसेंस भी जब्त किए जा रहे हैं। प्रशासन के अनुसार केदारनाथ यात्रा के तहत अब तक 484 हॉकरों का पंजीकरण किया जा चुका है। गौरीकुंड, भीमबली, लिनचोली और केदारनाथ में जिला पंचायत की ओर से पंजीकरण शिविर संचालित किए जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें...आंसुओं के बीच चली आरी: भानियावाला-ऋषिकेश फोरलेन निर्माण; पर्यावरणप्रेमियों के विरोध के बीच काटे गए सौ पेड़