खराब मौसम के कारण रांसी-मनणी-केदारनाथ ट्रेकिंग रूट पर महापंथ से बंगाल के ट्रेकर सुगना निवासी आलोक विश्वास का शव केदारनाथ नहीं लाया जा सका। वहीं, केदारनाथ अस्पताल में भर्ती घायल ट्रेकर बंगाल के ही विक्रम मजूमदार की हालत में सुधार है।
बता दें कि बीते आठ अक्तूबर को जिला आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम को रांसी-मनणी-केदारनाथ ट्रेकिंग रूट पर दो ट्रेकरों के फंसने की सूचना मिली थी। एनडीआरएफ व एसडीआरएफ का संयुक्त रेस्क्यू दल सोमवार रात्रि को महापंथ से रेस्क्यू कर घायल ट्रेकर को केदारनाथ लाया जबकि मृतक का शव नहीं लाया जा सका।
मंगलवार सुबह से ही केदारनाथ सहित ऊपरी क्षेत्र में मौसम खराब था। इस दौरान ऊपरी क्षेत्रों में जमकर बर्फबारी भी हुई। इसके बाद पूरे दिन मौसम का मिजाज खराब रहा जिससे केदारनाथ से हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर पाया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि खराब मौसम के कारण शव नहीं लाया जा सका।
ये भी पढ़ें...Uttarakhand News: कपाट बंद होने से पहले केदारनाथ आ सकते हैं पीएम मोदी, बदरीनाथ आने की भी चर्चा
अब बुधवार को शव लाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि केदारनाथ स्थित अस्पताल में भर्ती घायल ट्रेकर विक्रम मजूमदार की हालत में सुधार हो रहा है। ट्रेकर के परिजनों को भी उनके कुशल होने की सूचना दे दी गई है। साथ ही मृतक के परिजनों को भी अवगत करा दिया गया है।