केदारनाथ पुनर्निर्माण का मामला अब लंबा खिंचने के आसार हैं। केदारनाथ में बर्फबारी शुरू हो गई है और ऐसे में निर्माण कार्य को अंजाम देना मुश्किल होगा।
केदारनाथ रावल भीमा शंकर लिंग ने केंद्रीय जल संसाधन मंत्री हरीश रावत से मुलाकात कर कहा कि मई माह से पहले-पहले निर्माण कार्य पूरा हो जाना चाहिए। रावत ने इस मामले में आस्कर फर्नाडिज और मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा से बात करने का आश्वासन दिया।
केदारनाथ के लिए दो रास्तों का निर्माण
बृहस्पतिवार को बीजापुर गेस्ट हाउस में हरीश रावत के साथ बातचीत में रावल ने कहा कि केदारनाथ पुनर्निर्माण के लिए पूरा देश उत्तराखंड का साथ देने को तैयार है। उत्तराखंड के राजनेताओं को देश की सहानुभति का ध्यान रखना चाहिए। केदारनाथ के लिए दो रास्तों का निर्माण होना चाहिए। एक आने के लिए और दूसरा जाने के लिए। रावल का कहना था कि निर्माण कार्य तेज करने की जरूरत है।
रावत ने कहा कि केदारनाथ पुनर्निर्माण का काम तेज होना चाहिए। इस मामले में वे आस्कर फर्नाडिज और मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा से बात की जाएगी।
कुछ हद तक बंदिश
पर यह काम अब इतना आसान नहीं दिखाई दे रहा है। आपदा के कामों को चुनाव की आचार संहिता से अलग रखा जा सकता है पर फिर भी सरकार के लिए कुछ हद तक बंदिश जरूर रहेगी। वहीं केदारनाथ में बर्फबारी शुरू हो चुकी है। मौसम का मिजाज पूरी तरह से अनिश्चत है। शासन भी अंदरखाने यह स्वीकार कर रहा है कि फिलहाल अब निर्माण कार्य शुरू कराना आसान नही होगा।
केदारघाटी को पटरी पर लाना मुश्किल
2014 में लोक सभा चुनाव की चुनौती सामने होगी। ऐसे में मई माह में अगले साल की यात्रा से पहले केदारघाटी को पटरी पर लाना मुश्किल होगा। खासकर तब जबकि केदारनाथ के लिए दो मार्ग बनाने हो, नदियों के किनारे बाढ़ नियंत्रण, स्लोप स्टेबलाइजेशन आदि का काम पूरा करना हो।