नौ कंपनियों को दिया गया मौका
देहरादून। इस बार नौ कंपनियों को हेली सेवा संचालित करने का मौका दिया गया है। इनमें चार कंपनियों के पास अपने हेलीकॉप्टर नहीं हैं। उनको शर्तों से छूट प्रदान करते हुए हेली सेवा संचालित करने का मौका दिया गया है। अभी सात कंपनियों ने हेली सेवा देना शुरू कर दिया है। वहीं, गोविंदघाट से घांघरिया तक हेली सेवा के लिए टेंडर निरस्त कर दिए गए है। अब दोबारा टेंडर हाेंगे।
70 प्रतिशत ऑनलाइन बुकिंग होगी
केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा की 70 प्रतिशत बुकिंग ऑनलाइन होगी। इसके अलावा, यात्रियों को आधार कार्ड और पैन कार्ड प्रस्तुत करने के बाद ही बोर्डिंग पास मिलेगा। अपर मुख्य सचिव ओम प्रकाश के अनुसार पूर्व में गढ़वाल मंडल विकास निगम को बुकिंग का काम देने के लिए बातचीत हुई थी, लेकिन उन्होंने जुलाई के बाद बुकिंग के संबंध में कोई फैसला लेेने की बात कही है। ऐसे में कंपनियों के माध्यम से बुकिंग होगी। अगर कोई किराया ज्यादा लेता है या गड़बड़ी करता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
कोर्ट में रखेंगे तथ्यों को
देहरादून। हेली सेवा को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर करने वाले राजीव धर का कहना है कि चार कंपनियों को शर्तों में छूट देकर अनुमति दी गई है। कोर्ट को इस मामले से अवगत कराया जाएगा।