केदारनाथ धाम के लिए सेरसी से दो और कंपनियों को हेली सेवा संचालन का काम दिया गया। अब नौ कंपनियों की हेली सेवा चलने से यात्रियों को टिकट के लिए लंबे इंतजार से राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं, आज से जीएमवीए के माध्यम से हेली सेवाओं के आनलाइन टिकटों की बुकिंग शुरू होने की संभावना है।
उत्तराखंड सिविल एविएशन डवलपमेंट अथारिटी(यूकाडा) ने हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद हेली सेवाओं के टेंडर प्रक्रिया पूरी कर नौ कंपनियों को फाटा, गुप्तकाशी और सेरसी से हेली सेवाएं संचालित करने का काम दिया था। लेकिन सरकार की ओर से निर्धारित किराये पर दो कंपनियों ने हेली सेवा संचालित करने से इनकार कर दिया था, जिससे यूकाडा ने दोबारा टेंडर आमंत्रित किए।
इसमें सेरसी हेलीपैड से हेरिटेज और क्रिस्टल एविएशन कंपनी को हेली सेवा का काम मिला है। अब केदारनाथ के लिए कुल नौ कंपनियों की हेली सेवा होने से यात्रियों को टिकट के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
केदारनाथ के लिए और हेली सेवाएं बढ़ाने के लिए सरकार को डीजीसीए की अनुमति मिलने का इंतजार है। यदि डीजीसीए से अनुमति मिलती है तो जल्द ही देहरादून और अन्य स्थानों से केदारनाथ के लिए यात्रियों को चार्टर्ड हेली सेवा उपलब्ध होगी।