आईआरसीटीसी ने बुकिंग के लिए लांच की वेबसाइट
केदारनाथ हेली सेवा के टिकटों की बुकिंग के लिए आईआरसीटीसी ने वेबसाइट लांच कर दी है। इसके लिए heliyatra.irctc.co.in का ट्रायल चल रहा है। हालांकि अभी हेली सेवा के टिकटों की बुकिंग शुरू नहीं हुई है। अप्रैल के पहले सप्ताह तक टिकटों की बुकिंग शुरू हो जाएगी।
इस बार ये रहेगा हेली सेवा से आने-जाने का किराया
धाम किराया प्रति यात्री पूर्व किराया
गुप्तकाशी से केदारनाथ 7740 7750
फाटा से केदारनाथ 5500 4720
सिरसी से केदारनाथ 5498 4680
हेलीपैड व टिकट काउंटर क्षेत्र होंगे हैक प्रूफ’
केदारनाथ में हेली टिकट के नाम पर धोखाधड़ी रोकने के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। हेली टिकट के नाम पर ठगी करने वालों से बचाव के लिए हेलीपैड क्षेत्र व टिकट काउंटर क्षेत्र को हैक प्रूफ किया जाएगा। इसके तहत सिर्फ अधिकारिक तौर पर स्वीकृति वेबसाइट से ही टिकट की बुकिंग की जा सकेगी जबकि अन्य वेबसाइट यहां काम नहीं करेंगी। यह बातें रुद्रप्रयाग पहुंचे पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र करन सिंह नगन्याल ने कहीं।
शुक्रवार को पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल केएस नगन्याल ने रुद्रप्रयाग पहुंचकर पुलिस कार्यालय, पुलिस लाइन, कोतवाली और अन्य शाखाओं का वार्षिक निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने यात्रा के संबंध में कई जानकारियां दीं। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा, विशेषकर केदारनाथ यात्रा में रुद्रप्रयाग से गौरीकुंड तक बेहतर यातायात व्यवस्था पर फोकस किया जाएगा। केदारनाथ यात्रा में हेलीपैड से लेकर कस्बों, नगरों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।
साथ ही हेली टिकट के नाम पर ठगी करने वालों से बचाव के लिए हेलीपैड क्षेत्र व टिकट काउंटर क्षेत्र को हैक प्रूफ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध से बचने का एक ही उपाय है कि लोभ-लालच से बचें। यात्राकाल में पुलिस व्यवस्था बेहतर हो, इसके लिए मैदानी क्षेत्रों के साथ कुमाऊं मंडल से भी पुलिस दल को बुलाया जाएगा। इसके लिए रूपरेखा तैयार की जा रही है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस कर्मियों को सकारात्मक ऊर्जा के साथ काम करने के निर्देश भी दिए।