ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग भगवान केदारनाथ मंदिर के कपाट 24 अप्रैल को आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। कपाट खुलने की तिथि महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर शीतकालीन गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में पंचांग गणना के आधार पर निकाली गई।
मंगलवार को प्रात: 9 बजे से ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में रावल भीमाशंकर लिंग की उपस्थिति में आचार्य विश्वमोहन जमलोकी, यशोधर मैठाणी, स्वयंवर सेमवाल एवं ओंकार शुक्ला द्वारा पंचांग पूजा शुरू की गई। 10 बजे गणना के आधार पर कपाट खुलने की तिथि निश्चित की गई।
पंचांग गणना के अनुसार 19 अप्रैल को भगवान केदारनाथ के अग्रणीय भैरवनाथ जी की पूजा संपन्न होगी जबकि 20 अप्रैल को भगवान केदारनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली अपने गद्दी स्थल से प्रस्थान करेगी और रात्रि प्रवास के लिए गुप्तकाशी पहुंचेगी।
21 अप्रैल को डोली दूसरे पड़ाव फाटा, 22 को गौरीकुंड और 23 अप्रैल को केदारनाथ पहुंचेगी। 24 अप्रैल को वैदिक पूजा-अर्चना, मंत्रोच्चार के साथ प्रात: 8.50 मिनट पर मिथुन लग्न में भगवान केदारनाथ के कपाट आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।