कांवड़ यात्रा के मद्देनजर जिले को छह जोन और 22 सेक्टर में बांटकर सुरक्षा का खाका तैयार किया गया है। ऋषिकेश में कांवड़ियों का जमावड़ा होने के कारण अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की है। उधर, दून से काफी संख्या में पुलिसकर्मी कांवड़ ड्यूटी के लिए हरिद्वार, पौड़ी और टिहरी भेजे जाने पर राजधानी में फोर्स का टोटा हो गया है।
हरिद्वार के साथ-साथ देहरादून जिले के ऋषिकेश में नीलकंठ जाने वाले शिवभक्तों का जमावड़ा रहता है। इसके मद्देनजर यहां सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक निवेदिता कुकरेती ने बताया कि ऋषिकेश और रायवाला को दो जोन में बांटकर 24 घंटे पुलिस की ड्यूटी लगाई है।
इसके अलावा जिले को छह जोन में बांटकर 22 सेक्टर बनाए गए हैं। सीओ को जोन का प्रभारी और थाना प्रभारियों को सेक्टर प्रभारी बनाया है। मसूरी को अलग से जोन बनाया गया है। ताकि किसी तरह के हुड़दंग पर रोक लगाई जा सके।
उधर, कांवड़ ड्यूटी में काफी संख्या में पुलिस बल हरिद्वार, पौड़ी और टिहरी जाने के कारण जिले में फोर्स का टोटा पड़ गया है। आठ निरीक्षक, 20 उप निरीक्षक, 10 महिला उप निरीक्षक, 30 हेड कांस्टेबल, 200 कांस्टेबल और 30 महिला कांस्टेबल को कांवड़ ड्यूटी में भेजा गया है।