प्रथम महिला ने मनाया करवाचौथ महिला अधिकारी भी हुईं शामिल
राजभवन में शुक्रवार को प्रथम महिला गुरमीत कौर ने करवाचौथ का पारंपरिक एवं भव्य आयोजन किया। इसमें उत्तराखंड की आईएएस, आईपीएस और आईएफएस एसोसिएशन की महिलाओं ने भी शिरकत की। कार्यक्रम की शुरुआत में पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई, जिसमें सभी महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर सहभागिता की।
गुरमीत कौर ने सभी उपस्थित महिलाओं का स्वागत करते हुए करवाचौथ पर्व के आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह पर्व नारी की श्रद्धा, प्रेम, समर्पण और त्याग का प्रतीक है, जो पारिवारिक जीवन के बंधनों को और सशक्त बनाता है।
ये भी पढे़ं...हरिद्वार जमीन घोटाला: आरोपी तीन अफसरों की विभागीय जांच शुरू, सीएम बोले- जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही सरकार
यह परंपरा हमें परिवार और रिश्तों की अहमियत को स्मरण कराती है तथा परस्पर सम्मान और एकता के संदेश को प्रबल करती है। उन्होंने राज्य में महिला अधिकारियों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि वे न केवल अपनी प्रशासनिक जिम्मेदारियों का उत्कृष्ट निर्वहन कर रही हैं बल्कि पारिवारिक और सामाजिक जीवन में भी प्रेरणास्रोत बन रही हैं। उनके समर्पण और दक्षता से राज्य के सर्वांगीण विकास में नई ऊर्जा का संचार हो रहा है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी महिलाओं ने करवाचौथ की मंगलकामनाओं के साथ एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। पारंपरिक उत्सव की आत्मीयता का आनंद साझा किया।