कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर जारी यातायात प्लान
- दिल्ली मुजफ्फरनगर मेरठ की ओर से आने वाले वाहनों को गड्ढा पार्किंग, रोड़ी बेलवाला पार्किंग और पंतद्वीप पार्किंग में खड़ा किया जाएगा।
- गड्ढा पार्किंग, दीनदयाल, पंतद्वीप पार्किंग के भरने पर वाहनों को गुरुकुल कांगड़ी सर्विस लेन से सिंहद्वार से देशरक्षक तिराहा से बैरागी कैंप पार्किंग में पार्क किया जाएगा।
- बहादराबाद से शिवालिक नगर चौक मध्य मार्ग से आने वाले वाहनों को प्रेमनगर आश्रम से सर्विस लेन से हरिराम इंटर कालेज मैदान पार्किंग, गड्ढा पार्किंग, दीनदयाल पार्किंग में पार्क किया जाएगा।
- नजीबाबाद की ओर से आने वाले बड़े वाहनों को 4.2 डायवर्जन से डायवर्ट कर नीलधारा व गौरीशंकर पार्किंग में पार्क किया जाएगा। जबकि नजीबाबाद से आने वाले छोटे वाहनों को दीनदयाल पार्किंग, पंतद्वीप पार्किंग में पार्क किया जाएगा।
- देहरादून व ऋषिकेश की ओर से आने वाले वाहनों को मोतीचूर पार्किंग में पार्क किया जाएगा। पार्किंग भरने पर वाहनों को जयराम मोड से दाहिने टर्न कर चमगादड़ टापू में पार्क किया जाएगा।
ऋषिकेश में घाट रोड पर प्रवेश नहीं कर पाएंगे चौपहिया वाहन
कार्तिक पूर्णिमा के स्नान के लिए पुलिस ने यातायात प्लान तैयार कर लिया है। मुख्य मार्ग पर घाट चौराहे के आसपास के कट को बंद रखा जाएगा। चौपहिया वाहन घाट रोड पर प्रवेश नहीं कर पाएंगे। बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों का दबाव बढ़ने पर उनको श्यामपुर बाइपास पर डायवर्ट किया जाएगा। कोतवाली प्रभारी रवि सैनी ने त्रिवेणी घाट पर तैनात जल पुलिस और आपदा राहत दल को स्नान के दौरान अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए तिराहों और चौराहों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए जा रहे हैं। केवल दोपहिया वाहन चालक और पैदल चलने वाले लोगों को घाट पर रोड पर जाने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अगर बाहरी वाहनों का दबाव बढ़ता है तो उनको श्यामपुर बाइपास से नटराज चौक भेजा जाएगा। वहीं मुनिकीरेती और लक्ष्मणझूला क्षेत्र में भी स्नान के दौरान जल पुलिस और आपदा राहत दल को पूरी तरह से मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए है। एसडीआरएफ ढालवाला निरीक्षक कविंद्र सजवाण ने बताया कि टीम पूरी तरह से अलर्ट मोड पर रहेगी। सूचना पर तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया जाएगा।