सिटी मजिस्ट्रेट जगदीश लाल, एएसपी और सीओ सिटी डॉ. विशाखा अशोक भड़ाने की अध्यक्षता में हरकी पैड़ी चौकी पर बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान श्रीगंगा सभा के पदाधिकारियों और व्यापारियों ने कहा कि स्नान पर्व को स्थगित की जगह सीमित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इसके लिए व्यवस्था तैयार की जानी चाहिए।
सिटी मजिस्ट्रेट जगदीश लाल ने श्रीगंगा सभा के पदाधिकारियों और व्यापारियों को बताया कि कोविड गाइडलाइन के मद्देनजर कार्तिक पूर्णिमा के स्नान को स्थगित किया गया है। उन्होंने आदेश के अनुपालन में श्रीगंगा सभा और व्यापारियों से सहयोग की अपील की। वहीं व्यापारियों ने देवपुरा से लेकर भीमगोड़ा क्षेत्र को साप्ताहिक बंदी से बाहर रखने की मांग की। व्यापारियों ने कहा कि इन बाजारों में अधिकांश यात्री ही खरीदारी के लिए पहुंचते हैं।
ऐसे में बाजार बंद रहने पर यात्री को असुविधा का सामना करना पड़ता है। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि बाजारों और घाटों के आसपास मास्क पहनना पूरी तरह से अनिवार्य रहेगा। शारीरिक दूरी और मास्क के सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर चालान की कार्रवाई की जाएगी। एएसपी और सीओ सिटी डॉ. विशाखा अशोक भड़ाने ने बताया हरकी पैड़ी और विभिन्न गंगा घाटों पर बैरिकेड लगाए जाएंगे। सुबह चार बजे तक पुलिस फोर्स घाटों के आसपास तैैनात रहेगी।
- हरकी पैड़ी समेत सभी घाटों पर स्नान पर रोक रहेगी।
- सुबह चार बजे से शाम पांच बजे तक सभी घाटों पर पुलिस फोर्स तैनात रहेगी।
- जिले के सभी थानों की पुलिस ड्यूटी 29 नवंबर को घाटों के लिए आवंटित हो जाएगी।
- घाटों के प्रवेश द्वार पर पुलिस बैरिकेडिंग रहेगी।
- घाटों के आसपास बिना मास्क लगाए घूमने वाले स्थानीय लोगों के भी चालान किए जाएंगे।
- जिला प्रशासन के आदेशों का सख्ती से पालन कराने के साथ आपदा प्रबंधन एक्ट में मुकदमा दर्ज होगा।