कांवड़ मेला स्थगित होने के बाद कांवड़ से संबंधित सामग्री बेचने वाले व्यापारियों पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। इसके लिए पुलिस ने शहर भर में अभियान चलाकर व्यापारियों को जागरूक किया।
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर को देखते हुए प्रदेश सरकार ने कांवड़ मेला स्थगित कर दिया है। इसके बाद पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है। नगर कोतवाल राजेश शाह ने बताया कि बाजारों में अभियान चलाकर व्यापारियों को निर्देश दिए।
पुलिसकर्मी शहर के अपर रोड, हरकी पैड़ी, भीमगोड़ा, मोती बाजार, विष्णु घाट बाजार, रामघाट बाजार, सब्जी मंडी बाजार, बड़ा बाजार में ई-रिक्शा में उद्घोषणा यंत्र लगाकर निर्देश देते हुए नजर आए।
पुलिसकर्मियों ने कहा कि कांवड़ मेला स्थगित होने के बाद बाजार में कोई भी व्यापारी कांवड़ से संबंधित सामान और कपड़े नहीं बेचेगा। यदि कोई भी व्यक्ति कांवड़ से संबंधित कोई भी सामग्री व कपड़े बेचते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।