बस की टक्कर लगने से खफा कांवड़ियों की हरियाणा रोडवेज बस के चालक से कहासुनी हो गई। गुस्साए कांवड़ियों ने बस के शीशे तोड़ डाले। इसके बाद बस में सवार लोगों को दूसरे वाहन से भेजा गया। घटना के संबंध में भी कोई शिकायत पुलिस को नहीं मिली है।
मंगलवार सुबह हरियाणा रोडवेज की एक बस हरिद्वार से पानीपत जा रही थी। विश्राम तिराहे के पास बस की टक्कर एक कांवड़िए को लग गई। इससे उसके पैर में चोट आ गई। इस बात को लेकर कांवड़ियों की चालक से बहस हो गई।
इसके बाद कांवड़ियों ने बस को रुकवा लिया और शीशे तोड़ डाले। इसी बीच तोड़फोड़ करने वाले कांवड़िए अपना वाहन लेकर निकल गए। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और बस को कोतवाली ले आई।
घटना के संबंध में किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। प्रभारी कोतवाली निरीक्षक प्रदीप चौहान का कहना है कि शिकायत मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।