बच्चों के साथ सिल्वर लाइनिंग सोसाइटी की संस्थापिका कनिका विसन
समाज के लिए कुछ करने का जज्बा हो तो कोई न कोई राह निकल ही आती है। यह साबित किया है सिल्वर लाइनिंग सोसायटी की संस्थापिका कनिका विसन ने। वह झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले गरीब बच्चों को शिक्षित कर रही हैं। जिसमें अजय सिंह उनका साथ देते हैं।
सेंट ज्यूड्स स्कूल से प्राइमरी एजूकेशन करने वाली कनिका ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के करोड़ीमल कॉलेज से बीए किया। उसके बाद वह कम्पीटीशन की तैयारी कर रही थीं। तभी अचानक उनके पिता की तबियत खराब हो गई और कनिका को पिता की देखभाल के लिए दून आना पड़ा। इसके बाद उन्होंने यहीं से बीएड किया और अपने दोस्त अजय के साथ मिलकर सिल्वर लाइनिंग सोसायटी बनाई।
अब 24 वर्षीय कनिका इस सोसायटी के जरिये माजरा में दो एजूकेशन इंस्टीट्यूट चला रही हैं। इनमें सारथी एजूकेशन हब में ऐसे बच्चों को कम्पीटीशन के लिए एग्जाम की तैयारी कराती हैं जो आर्थिक तंगी के चलते कोचिंग नहीं कर पाते। जबकि दूसरे स्कूल इंस्टीट्यूट काइट्स प्री एंड रेमेडियल में वह झुग्गी-झोपड़ी के बच्चों को आर्ट क्राफ्ट, डांस, कंप्यूटर व अंग्रेजी बोलना सिखाती हैं। इस समय यहां सौ से अधिक बच्चे निशुल्क शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। बच्चों का सारा खर्च कनिका और अजय सिंह उठाते हैं।