बदरीनाथ वन प्रभाग की देवाल रेंज में पिछले दिनों जंगल में घायल अवस्था में मिले काकड़ के तीन माह के बच्चे को विभागीय अधिकारियों की देखरेख में सोमवार को दून चिड़िया घर लाया गया। नए मेहमान का स्वागत करने के लिए खुद वन मंत्री सुबोध उनियाल, गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, प्रमुख वन संरक्षक विनोद सिंघल, चिड़ियाघर के निदेशक नितीशमणि त्रिपाठी मौजूद रहे।
वन मंत्री सुबोध उनियाल ने चिड़ियाघर के नए मेहमान का स्वागत करने के साथ ही उसे अपने हाथों से दूध पिलाया। साथ ही विभागीय अधिकारियों को इस बात की हिदायत दी कि चिड़ियाघर के नए मेहमान का पूरा ध्यान रखा जाए। बता दें कि पिछले दिनों देवाल रेंज के गांव बांण में काकड़ का तीन माह का बच्चा घायल अवस्था में मिला था। क्षेत्रीय निवासी धामकी देवी तीन माह के बच्चे को न सिर्फ सुरक्षित घर लाई, बल्कि इसकी जानकारी वन विभाग के अधिकारियों को दी। वन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी मौके पर पहुंचे और घायल काकड़ के बच्चे को अपने साथ ले गए। चिकित्सकों ने उसका इलाज किया और अब वन दरोगा गब्बर सिंह बिष्ट की अगुवाई में विभागीय टीम कांकड़ के बच्चे को लेकर सोमवार को दून चिड़िया घर पहुंची।