कैलाश मानसरोवर यात्रा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बार यात्रा कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न होगी। कैलाश मानसरोवर यात्रियों के हर दल के साथ इस बार एसडीआरएफ के पांच जवान भी तैनात रहेंगे।
पिछली बार तक हर दल के साथ पुलिस के दो जवान रहते थे। इनमें से एक जवान यात्री दल के ठीक आगे और दूसरा जवान यात्री दल के ठीक पीछे चलता था। इस बार एसडीआरएफ के पांच जवान यात्री दल के साथ रहेंगे। यह दल के साथ ठीक बीच बीच में चलेंगे।
पुलिस अधीक्षक अजय जोशी ने बताया कि इस बार कैलाश यात्रियों की सुरक्षा के लिए ज्यादा पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। यात्रा ठीक मानसून सीजन में शुरू होती है और खतरनाक पैदल रास्तों से यात्रियों को जाना पड़ता है। उन्होंने बताया कि गुंजी तक यात्रियों की सुरक्षा पुलिस करेगी। गुंजी से आगे की जिम्मेदारी आईटीबीपी सातवीं वाहिनी संभालेगी।
उन्होंने कहा कि गुंजी का अस्थायी थाना यात्रा शुरू होने से पहले काम करने लगेगा। उसमें एक थाना प्रभारी समेत आठ पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। कैलाश मानसरोवर यात्रियों का प्रथम दल 13 जून को आधार शिविर धारचूला पहुंचेगा।