कैलाश मानसरोवर यात्रियों के दूसरे दल ने रविवार को चीन में प्रवेश कर लिया है। यात्रियों के पहले दल की कैलाश पर्वत की परिक्रमा सोमवार को पूरी हो जाएगी। परिक्रमा पूरी करने के बाद 58 सदस्यीय यह दल मानसरोवर झील जाएगा। कैलाश यात्रियों का तीसरा दल वर्तमान में नाभी गांव में है।
आईटीबीपी सातवीं वाहिनी मिर्थी से मिली जानकारी के अनुसार कैलाश यात्रियों का दूसरा दल रविवार को अंतिम भारतीय पड़ाव नाभिढांग से लिपुपास के लिए रवाना हुआ। 56 सदस्यीय इस दल ने सुबह 7.20 बजे चीन की सीमा में प्रवेश कर लिया।
इस दल के साथ सीमा तक आईटीबीपी के जवान और महिला कमांडो सहित चिकित्सकों की टीम मौजूद रही। जानकारी के अनुसार दूसरे दल के सदस्य दिन में 1.30 बजे तकलाकोट पहुंच गए थे। यात्रियों का पहला दल चीन के जौंगजीबू में है।
इस दल की कैलाश परिक्रमा सोमवार को पूरी हो जाएगी। इसके बाद दल के सदस्य मानसरोवर झील जाएंगे। 56 सदस्यीय तीसरा कैलाश यात्री दल नाभी गांव में है। सोमवार को यह दल गुंजी वापस आएगा। जहां पर यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। उच्च हिमालयी क्षेत्र में इस समय मौसम सुहावना बना हुआ है।