सूफी गायक कैलाश खेर ने जल्द ही ऋषिकेश में एक संगीत अकादमी खोलने का एलान किया है। इस अकादमी में आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को गीत व संगीत का प्रशिक्षण दिया जाएगा। स्वामी चिदानंद सरस्वती ने कैलाश खेर से इस काम के लिए उत्तराखंड को चुनने की अपील की। हालांकि अमर उजाला से बातचीत में उन्होंने कहा कि पहले इसे ऑनलाइन शुरू किया जाएगा। छात्रों के रुझान को देखने के बाद इसे ऑफलाइन शुरू करेंगे। बता दें कि गायक कैलाश खेर दो दिवसीय प्रवास पर परमार्थ निकेतन आए थे।
शुक्रवार को परमार्थ निकेतन गंगा घाट पर आयोजित मानस कथा में कैलाश खेर ने संगीत से जल और पर्यावरण के लिए समाज को जागरूक करने की शपथ ली। इसके अलावा पत्रकारिता दिवस पर सभी पत्रकारों को शुभकामनाएं भी दीं और निर्भीक पत्रकारिता के लिए प्रोत्साहित किया।
कथावाचक संत मुरलीधर महाराज ने मानस कथा में नारद के चरित्र का व्याख्यान किया। उन्होंने कहा नारद तीनों लोकों में सूचनाओं का आदान-प्रदान करते थे। नारद उस समय के फोन, मोबाइल फोन और समाचार पत्र थे।
उन्हीं के माध्यम से तीनों लोकों में सूचनाओं का आदान-प्रदान होता था। इसलिए उन्हें सृष्टि का पहला पत्रकार माना गया है। कथा में एकादशी के महत्व पर चिदानंद मुनि ने बताया कि रिसर्च के अनुसार एकादशी का व्रत रखने से कैंसर जैसी बीमारी भी दूर रह सकती है। गायक कैलाश खेर ने सपरिवार विश्व ग्लोब का जलाभिषेक किया और संगीत के माध्यम से समाज को जल और पर्यावरण के लिए जागरूक करने की शपथ ली।