जम्मू कश्मीर में आतंकी घटनाओं में देश एवं उत्तराखंड के जांबाजों की शहादत और इससे उपजे हालात के कारण दो व तीन मार्च को प्रस्तावित ‘अमर उजाला-ग्राफिक एरा ज्योतिष महाकुंभ’ फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। जल्द ही इसके आयोजन की नईं तिथियां घोषित कर दी जाएंगी। इसकी जानकारी पाठकों को अमर उजाला के माध्यम से और ज्योतिषियों को व्यक्तिगत रूप से भी दी जाएगी।
दून और देश भर में बेहद लोकप्रिय ज्योतिष महाकुंभ का आयोजन अमर उजाला पिछले चार साल से रह कर रहा है। विभिन्न तरीकों से भविष्य जानने वाले देशभर के महारथी इस मौके पर देहरादून में एकत्रित होते हैं। भविष्य जानने वाली विधाओं के ज्ञाताओं से इस आयोजन के दौरान निशुल्क परामर्श लेकर हर साल बड़ी संख्या में लोग लाभांवित होते हैं। हर साल की भांति इस वर्ष भी पूरे जोशोखरोश से इसआयोजन की तैयारी की गई थी। तारीखें नजदीक आ रहीं थी, इसी बीच पुलवामा में आतंकियों के हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए।
देश भर में शोक की लहर दौड़ गई। उत्तराखंड इससे बेहद ज्यादा प्रभावित हुआ। दून के एएसआई मोहल लाल रतूड़ी और खटीमा के वीरेंद्र सिंह राणा जहां पुलवामा शहीदों में थे, वहीं इसके बाद की घटनाओं में दून के मेजर चित्रेश बिष्ट और मेजर विभूति ढौंडियाल शहीद हो गए। पूरा दून शोक के सागर में डूब गया। भारत और पाक के बीच देखते ही देखते तनाव अपने चरम पर पहुंच गया। ऐसे दौर में शहीदों के नमन करते हुए अमर उजाला प्रबंधन ने ज्योतिष महाकुंभ को स्थगित करने का फैसला लिया है।