भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से कहा कि अपनी चिंता छोड़कर संगठन की चिंता करें। रविवार को बीजापुर अतिथि गृह मेें पार्टी विभाग और कार्यालयों की समीक्षा बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि विभागों का काम महत्वपूर्ण है और किसी को यह काम नीरस लगता हो तो वह इसमें अपने काम का रस भर सकता है।
भाजपा के करीब 30 विभाग हैं और रविवार को आयोजित बैठक में विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे। नड्डा ने कहा कि भाजपा में विभाग की परिकल्पना पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने की थी। विभागों के जरिए पदाधिकारी अलग-अलग क्षेत्रों में काम कर सकते हैं और पार्टी को दिशा देने, पार्टी के विचार, कार्यक्रम को लोगों तक पहुंचा सकते हैं। इनके जरिए पार्टी का विस्तार भी किया जा सकता है। संगठन को चलाने के लिए एकरूपता की जरूरत है। सभी को अपनी चिंता को छोड़कर संगठन की चिंता करनी चाहिए।
पीएम मोदी का सपना है आधुनिक कार्यालय
विभागों की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आधुनिक जिला कार्यालय का निर्माण पीएम मोदी का सपना है। कार्यालय ही एक ऐसी जगह है जहां अच्छा वातावरण मिलने पर एक अच्छे कार्यकर्ता का निर्माण होता है। प्रदेश में भाजपा प्रदेश कार्यालय को हाईटेक बनाने की शुरूआत कर चुकी है। अब जिला कार्यालयों को लेकर भी काम किया जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष बंशी धर भगत मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन शिव प्रकाश, सह प्रभारी रेखा वर्मा आदि भी उपस्थित थे।