झलोड़ी गांव निवासी 58 वर्षीय कोरोना संक्रमित व्यक्ति की मौत हो गई। शुक्रवार की रात उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। शनिवार को उन्हें बेस अस्पताल अल्मोड़ा ले जाया जा रहा था, लेकिन कोसी के आसपास उन्होंने दम तोड़ दिया। कोविड नियमों के अनुसार अल्मोड़ा में उनकी अंत्येष्टि कर दी गई।
नायब तहसीलदार विवेक रजोरी ने बताया कि झलोड़ी निवासी व्यक्ति कोरोना संक्रमित थे। शनिवार को उन्हें बेस अस्पताल अल्मोड़ा ले जाया जा रहा था, लेकिन उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया। कोरोना के अलावा मृतक को शुगर, निमोनिया भी था। उन्होंने कहा कि लोगों को जागरूक करने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।
कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए नैनीताल जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने सैंपलिंग का दायरा बढ़ाने का फैसला लिया है। इसी क्रम में रविवार को नैनीताल के प्रवेश द्वारों पर करीब 100 पर्यटकों की स्क्रीनिंग की गई। जांच में कोरोना लक्षण नहीं मिलने पर रैपिड टेस्ट नहीं हुए।
बीडी पांडे अस्पताल के पीएमएस डॉ. केएस धामी ने बताया कि रविवार से दो टीमों ने स्क्रीनिंग का काम शुरू कर दिया है। डॉ. प्रियांशु श्रीवास्तव के नेतृत्व में तल्लीताल लेक ब्रिज चुंगी में 60 और बारापत्थर एंट्री प्वाइंट पर नगर में प्रवेश करने वाले 40 पर्यटकों की जांच की गई।
हालांकि पहले दिन किसी भी पर्यटक में कोरोना संक्रमण के लक्षण नहीं मिले। इस कारण किसी भी पर्यटक का रैपिड टेस्ट नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि यह कार्य नए साल तक लगातार चलेगा।