-उत्तराखंड के 11 पत्रकारों का समूह पीआईबी के विशेष प्रेस टूर पर रवाना
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। उत्तराखंड के 11 पत्रकारों का समूह विशाखापत्तनम में अराकू घाटी, जनजातीय क्षेत्र का भ्रमण करेगा। इसके लिए सोमवार को प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो का विशेष टूर रवाना हो गया।
केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण परियोजनाओं एवं विकास कार्यों को नजदीक से दिखाने के उद्देश्य से पीआईबी देहरादून की ओर से यह प्रेस टूर कराया जा रहा है। प्रेस टूर पीआईबी की उस परंपरा का हिस्सा है, जिसमें सरकारी नीतियों, कार्यक्रमों एवं विकास गतिविधियों को मीडिया के माध्यम से जनता तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए जाते हैं। प्रेस टूर के समन्वयक अफसर सहायक निदेशक पीआईबी संजीव सुंद्रियाल ने बताया कि यह प्रेस टूर उत्तराखंड के पत्रकारों को केंद्र सरकार की विकास परियोजनाओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे न केवल मीडिया को सरकारी उपलब्धियों की गहन जानकारी मिलेगी बल्कि क्षेत्रीय मुद्दों को राष्ट्रीय पटल पर रखने में भी सहायता मिलेगी। आगामी दिनों में भी पीआईबी की ओर से उत्तराखंड के पत्रकारों के लिए ऐसे प्रेस टूर आयोजित किए जाते रहेंगे।
प्रेस टूर में पत्रकारों को विशाखापत्तनम में रक्षा प्रतिष्ठानों का भ्रमण कराया जाना है। जिसमें नौसेना डॉकयार्ड, पूर्वी नौसेना कमान के अधिकारियों के साथ चर्चा, आईएनएस कुरुसुरा पनडुब्बी संग्रहालय का भ्रमण कराया जाएगा। सामरिक औद्योगिक एवं शैक्षणिक संस्थानों का भ्रमण के अंतर्गत हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन, हिंदुस्तान शिपयार्ड लिमिटेड, केंद्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय आंध्र प्रदेश, कॉफी बोर्ड कार्यालय और अराकू घाटी एवं जनजातीय क्षेत्रों का भ्रमण शामिल है।