होटलों के आगे लगाए सीसीटीवी कैमरे
नगर में भू-धंसाव से क्षतिग्रस्त हुए होटल माउंट व्यू और मलारी इन को तोड़ने की प्रक्रिया चल रही है। वहीं अब प्रशासन ने इन होटलों के सामने सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं जिससे यहां की हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। कैमरों के माध्यम से थाने से क्षेत्र में निगरानी की जा रही है। थाना प्रभारी केसी भट्ट ने बताया कि सुरक्षा को देखते हुए यहां पर कैमरे लगाए गए हैं। कभी भी कोई खतरा दिखाई दे तो तुरंत आगे की कार्रवाई की जा सकेगी। यहां आवाजाही करने वालों पर भी इससे नजर रखी जा जाएगी। कैमरों से यहां पर दिन रात पूरी निगरानी की जाएगी।
किरायेदार, अनाधिकृत कब्जाधारियों को मिलेंगे 50 हजार
भू-धंसाव से प्रभावित किरायेदारों और अनाधिकृत कब्जाधारियों को शासन की ओर से 50 हजार रुपये देने का आदेश जारी किया गया है। उन्हें अपना सामान शिफ्ट करने और तात्कालिक आवश्यकताओं के लिए यह धनराशि दी जा रही है। इसके अलावा आपदा प्रभावित परिवारों के दो वयस्क सदस्यों को राहत कैंप की अवधि के दौरान मनरेगा के तहत निर्धारित मजदूरी 213 रुपये प्रति दिन के अनुसार दी जाएगी। साथ ही प्रभावित परिवारों को होटल व अन्य स्थानों पर राहत कैंपों में आवासीय व्यवस्था के लिए वास्तविक व्यय या 950 रुपये प्रतिदिन के अनुसार दिए जाएंगे।