राजावाला में अतिक्रमण खिलाफ अभियान के दौरान कर्मचारियों को निर्देशित करते एसडीएम।
- फोटो : VIKAS NAGAR
पुलिस और प्रशासन की टीम ने सोमवार को राजावाला बाड़वाला और डुमेट-हडोवाला-चिलियो मोटर मार्ग पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान कई मकानों की बाउंड्री वॉल और आंगन को ध्वस्त किया गया। इस दौरान गांव वालों ने टीम की कार्रवाई का विरोध भी किया। मगर इसका असर अभियान पर नहीं पड़ा।
टीम तहसीलदार प्रकाश शाह के नेतृत्व में राजावाला बाड़वाला गांव पहुंची। यहां पर नोटिस जारी होने के बावजूद लोगों ने अतिक्रमण को नहीं हटाया था। टीम ने जेसीबी से मकानों की बाउंड्री वॉल को ध्वस्त करना शुरू कर दिया। इस दौरान लोगों की अतिक्रमण तोड़ने को लेकर टीम के साथ बहस शुरू हो गई। विवाद बढ़ता देख एसडीएम सौरभ असवाल, सीओ बीएस धोनी भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण को ध्वस्त करने का काम शुरू किया गया। डुमेट-हडोवाला-चिलियो मोटर मार्ग पर भी बड़ी संख्या में रोड साइट पर किए गए अतिक्रमण को ध्वस्त किया गया। एसडीएम ने बताया कि सड़क का चौड़ीकरण किया जाना प्रस्तावित है। कुछ लोगों ने रोड के किनारे पर कब्जा किया हुआ था। चेतावनी के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटा, जिसके चलते कार्रवाई की गई। टीम में नायब तहसीलदार पंचम सिंह नेगी, रजिस्ट्रार कानूनगो अब्दुल, कोतवाल प्रदीप बिष्ट आदि शामिल रहे।