प्रदेश में चल रही फॉरेस्ट गार्ड (वन आरक्षी, पद कोड-102) भर्ती के अभिलेख सत्यापन को लेकर उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने एक बदलाव किया है। यह बदलाव अभिलेख सत्यापन के स्थान में किया गया है। आयोग के सचिव संतोष बडोनी ने बताया कि 10 सितंबर को फॉरेस्ट गार्ड की प्रोविजनल सूची जारी की गई थी।
इसके तहत 28 सितंबर से 11 अक्तूबर तक डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन होना है। पहले इसके लिए ट्रांजिट हॉस्टल, चंद्रबनी, वाइल्डलाइफ इंस्टीट्यूट रोड, निकट वन निगम डिपो को चुना गया था। आयोग ने निरीक्षण करने के बाद पाया कि सत्यापन के समय इंटरनेट सर्वर और कंप्यूटर इंस्टॉल करने में परेशानी हो सकती है।
लिहाजा, अभिलेख सत्यापन अब आयोग कार्यालय, निकट महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, थानो रोड, रायपुर में ही किया जाएगा। तिथियों में कोई तब्दीली नहीं की गई है। स्थान परिवर्तन के बारे में उम्मीदवारों को एसएमएस के माध्यम से भी सूचना भेजी जा रही है।