उत्तराखंड में 856 बीपीएड प्रशिक्षित बेरोजगारों को शीघ्र नियुक्ति मिल सकती है। कैबिनेट में इसे सैद्धांतिक सहमति मिलने के बाद शासन ने इसका प्रस्ताव तैयार कर लिया है।
बीपीएड प्रशिक्षित बेरोजगारों की नियुक्ति के लिए पिछली कैबिनेट की बैठक में इसे सैद्धांतिक सहमति दी गई थी। इसके बाद शासन ने शिक्षा निदेशालय से नियुक्ति को लेकर कुछ बिंदुओं पर प्रस्ताव मांगा था।
निदेशालय से पूछा गया था कि बेरोजगारों की नियुक्ति किन विद्यालयों में की जाएगी एवं इनका मानदेय कितना होगा। शिक्षा महानिदेशक डी सेंथिल पांडियन ने कहा कि निदेशालय के बाद शासन स्तर पर नियुक्ति का प्रस्ताव तैयार हो चुका है। अब शासन इसे मुख्यमंत्री के पास अनुमोदन के लिए भेजेगा।
पांच अक्तूबर से विरोध-प्रदर्शन का ऐलान
बीपीएड बेरोजगारों ने रविवार को परेड ग्राउंड में बैठक कर शीघ्र नियुक्ति न मिलने पर पांच अक्तूबर से प्रदेशभर में विरोध-प्रदर्शन का ऐलान किया है।
बैठक में संगठन के प्रदेश संरक्षक देवेंद्र कोरंगा ने कहा कि मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद भी बेरोजगारों को नियुक्ति नहीं मिल पाई है। बैठक में प्रदेश सह सचिव सूरज बुटोला, पल्लवी कुकरेती, मनोज, बलदेव, प्रीति बिष्ट, धर्म सिंह राणा, संतोष सेमवाल, हरपाल, गौरव पुरोहित, सुनीता रावत, इंद्र सिंह नेगी, सुरेंद्र आदि मौजूद रहे।