हरिद्वार के प्रेम नगर आश्रम पुल पर शनिवार देर रात युवती से छेड़छाड़ करने और विरोध करने पर भाई को पीटने वालों में हिंदू जागरण मंच का कार्यकारी शहर अध्यक्ष भी शामिल था।
पुलिस ने हिजामं नेता की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। वहीं मौके पर हत्थे चढ़े दो युवकों को रविवार को कोर्ट में पेश किया गया। शनिवार रात को एक युवती अपने भाई के साथ प्रेमनगर आश्रम गंगा घाट पर गई थी।
आरोप है कि गंगा घाट पर मौजूद कुछ युवकों ने उसके साथ छेड़छाड़ कर दी। विरोध करने पर उसके भाई की पिटाई कर दी। युवती के शोर मचा देने पर एकत्र हुए लोगों ने छेड़छाड़ में शामिल दो युवकों को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया था।
इनकी पहचान शुभम पुत्र नवीन चौहान निवासी धीरवाली एवं आकाश पुत्र दिलावर सिंह निवासी आर्यनगर की रुप में हुई। तीसरा आरोपी फरार हो गया था। तीसरे आरोपी की पहचान हिजामं के कार्यकारी नगर अध्यक्ष आर्यन के रुप में हुई है।
कोतवाल धीरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पॉलीटेक्निक की पढ़ाई कर रहे हैं। रविवार को दोनों पक्ष कोतवाली ज्वालापुर पहुंचे और एक दूसरे से उलझते रहे।
मेरे संज्ञान में ये मामला आया है। ये गंभीर आरोप है। मैं पूरे मामले से प्रदेश के पदाधिकारियों को अवगत कराऊंगा। उसके बाद ही इस मामले में संबंधित पदाधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- धर्मवीर सिंह, जिलाध्यक्ष, हिंदू जागरण मंच