अल्मोड़ा मार्ग पर ध्याड़ी के पास हुई बस दुर्घटना के बाद जहां ग्रामीणों ने जान पर खेल कर घायल यात्रियों को अस्पताल पहुंचाया, वहीं पोस्टमार्टम के दौरान सरकारी ड्यूटी पर आए कुछ संदिग्ध लोगों ने शव से जेवरात उतारकर मानवता को शर्मसार कर दिया।
पुलिस ने मामले में कुछ संदिग्ध कर्मचारियों को हिरासत में लिया है। सूत्रों की माने तो एक संदिग्ध ने जेवर उतारने की बात कबूल कर ली है। हालांकि मामले में अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं है और पुलिस भी कुछ नहीं बता रही है। फिलहाल एक शव से जेवर उतारने की शिकायत की गई है।
बीती 20 जून को ध्याड़ी के पास रोडवेज बस खाई में गिर गई थी। हादसे में 17 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई थी। गंभीर रूप से घायल एक महिला यात्री ने इलाज के दौरान सुशीला तिवारी अस्पताल में दम तोड़ दिया था। प्रशासन ने टीम भेज कर प्राथमिक अस्पताल धौलादेवी में ही पोस्टमार्टम कराया था।