असम निवासी इंदिरा देवड़ी उर्फ जेनी ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया। इसमें उन्होंने कहा कि सीबीआई और डीएनए जांच से सब सच सामने आ जाएगा। जेनी ने हरक सिंह रावत के पूर्व करीबी योगेंद्र चौहान को दोबारा बयानबाजी करने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
विज्ञापन
जेनी ने वीडियो की शुरुआत योगेंद्र चौहान को संबोधित करते हुए की। उन्होंने आरोप लगाया कि चौहान को हरक सिंह रावत ने 10-12 लोगों के साथ भेजा था। जेनी ने कहा कि चौहान ने उनसे प्यार से बात की और सारी बातें उनके मुंह से निकलवाईं। उन्होंने आरोप लगाया कि हरक ने उनसे रेप किया था और उन्हें पागलखाने में रखा गया था। जेनी ने चौहान पर झूठी बातें फैलाने और हरक के कहने पर काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चौहान को इस मामले में नहीं पड़ना चाहिए।
जेनी ने बताया कि 2016 में दर्ज कराई गई एफआईआर भी दबाव में वापस ली गई थी। उन्होंने चौहान को हरक का गुंडा और दलाल करार दिया। जेनी ने कहा कि उनके बच्चे के जन्म प्रमाण पत्र में पिता का नाम अब भी खाली है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सीबीआई जांच और डीएनए टेस्ट से सच्चाई सामने आ जाएगी। जेनी ने चेतावनी दी कि अगर चौहान ने दोबारा कुछ कहा तो वह उन पर भी कार्रवाई करेंगी।