राजधानी के रेलवे स्टेशन पर वाशिंग ट्रैक से धुलाई कर यार्ड में खड़ी होने जा रही जनता एक्सप्रेस की 4 बोगियां पटरी से उतर गईं। ट्रेन के पटरी से उतरते ही रेलवे स्टेशन में हड़कंप मच गया। स्टेशन अधीक्षक समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि केबिन मैन की लापरवाही के कारण हादसा हुआ। अधिकारियों ने जांच के आदेश दिए हैं।
वाशिंग ट्रैंक से यार्ड जा रही थी
गुरुवार दोपहर लगभग तीन बजे जनता एक्सप्रेस की बोगियों की धुलाई होने के बाद उसे लोको चालाक वाशिंग ट्रेक से हटा कर यार्ड ले जा रहा था। सूत्रों के अनुसार, केबिन मेन ने जनता को आगे जाने को ग्रीन लाइट दी हुई थी। जबकि यार्ड में जाने के लिए उसका ट्रेक भी उस रूट पर डाल दिया गया।
सूचना पर हड़बड़ा केबिन मैन
बताया जा रहा है कि इसी दौरान केबिन को जानकारी दी गई कि गोरखपुर एक्सप्रेस हर्रावाला से दून रेलवे स्टेशन पहुंचने वाली है। केबिन मेन हड़बड़ा गया और उसने जनता का ट्रेक हटा दिया। जब ट्रेक हटाया जा रहा था, उस दौरान इंजन तो आगे निकल गया, लेकिन इंजन के पीछे लगी चार बोगियां पटरी से उतर गई। वहीं उसके कई देर बात तक भी गोरख पुर रेलवे स्टेशन नहीं पहुंची थी।
मौके पर पहुंच डीआरएम
इसकी सूचना डीआरएम मुरादाबाद को भी दी गई। सूत्रों के अनुसार, उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही माना और शुक्रवार को दून आने की बात कही। रेलवे स्टेशन अधीक्षक एसडी डोभाल ने बताया अभी जांच की जा रही है कि ऐसा हुआ क्यों। जिसकी भी लापरवाही होगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
हो सकता था बड़ा हादसा
अगर यह गलती सवारियों से भरी ट्रेन के साथ होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। यह बात रेलवे अधिकारियों के चहरे पर साफ झलक रही थी। केबिन मेन का लोको चालक और कंट्रोल रूम से कम्यूनिकेशन गेप होना किसी बड़ी दुर्घटना का निमंत्रण हो सकता है। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए मुरादाबाद से डीआरएम शुक्रवार को पूरे मामले का संज्ञान लेने दून आ रहे हैं।