उप जिलाधिकारी को ज्ञापन देते जन संघर्ष मोर्चा के कार्यकर्ता। स्रोत संगठन
जन संघर्ष मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली का आरोप लगाते हुए तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत की बर्खास्तगी की मांग की। उन्होंने अपनी मांग से संबंधित एक ज्ञापन भी उप जिलाधिकारी को सौंपा।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कर रहे मोर्चा के अध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री के गैर जिम्मेदाराना रवैये और अधिकारियों पर नियंत्रण न होने के कारण अस्पतालों में आपात स्थिति में इलाज न मिलने, गर्भवती माताओं की इलाज न मिलने से हो रही मौत, खराब मशीनें, स्टाफ की कमी, दुर्गम क्षेत्रों में चिकित्सकों की तैनाती न होने आदि जैसी अव्यवस्थाओं से लोगों को जूझना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए। प्रदर्शनकारियों में मोर्चा महासचिव आकाश पंवार, विजय राम शर्मा, भाग सिंह, हाजी असद, रूपचंद, सलीम मुजीब रहमान आदि शामिल रहे।