कॅरिअर परामर्श कार्यशाला के दौरान विद्यार्थी व शिक्षक। स्रोत विद्यालय
राजकीय इंटर कॉलेज क्वानू में खंड शिक्षा अधिकारी के दिशा-निर्देशन में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत कॅरिअर परामर्श कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में कक्षा 11 व 12 के विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया गया।
कार्यशाला में समर्थ पोर्टल, यूसेट पंजीकरण की प्रक्रिया, इसकी आवश्यकता व महत्व, पाठ्यक्रम चयन, कौशल आधारित शिक्षा, डिजिलॉकर के लाभ, कक्षा 12 के बाद विषयों के चयन और उससे जुड़े रोजगार परक व्यावसायिक पाठ्यक्रमों पर विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को आईएएस, पीसीएस, एसएससी, बीएसएफ, पुलिस, एनडीए, नीट, आईआईटी, आईटीआई व पॉलिटेक्निक आदि में प्रवेश के लिए पात्रता व तैयारी संबंधी सुझाव भी दिए गए।
प्रो. रिंकू दास ने कार्यशाला में शिक्षा नीति के प्रमुख पहलुओं पर चर्चा करके विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य संजय कुमार मौर्य, साहिया डिग्री कॉलेज के चेयरमैन अनिल तोमर, डॉ. शशिकला, वरुण प्रसाद सेमवाल सहित कुल 55 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।