भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति जैकब जुमा के इस्तीफे के बाद अंतरराष्ट्रीय सुर्खियों में आए सहारनपुर के गुप्ता बंधुओं को उत्तराखंड में मिली जेड श्रेणी की सुरक्षा पर गहमागहमी है।
मीडिया में मामला उछलने के बाद शनिवार को देहरादून के कर्जन रोड स्थित गुप्ता बंधुओं की कोठी से एक प्लस चार की गारद को तत्काल हटा दिया गया। वहीं, सुरक्षा एजेंसियों ने प्रकरण को लेकर गृह विभाग को गोपनीय रिपोर्ट भेजी है। इसी आधार पर जेड सुरक्षा वापस लेने की तैयारी है।
सहारनपुर के गुप्ता बंधुओं को उत्तराखंड में राजकीय अतिथि की तरह सुविधा मुहैया होती है। वीवीआईपी की तरह काले रंग के शीशों वाली कारों से उनका काफिला निकलता रहा है। उनके संबंधों के चलते बीते बृहस्पतिवार को दक्षिण अफ्रीकी राष्ट्रपति जैकब जुमा के इस्तीफे के बाद हर किसी की नजर गुप्ता बंधुओं पर टिक गई।