- आईआईटी कानपुर के प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई उच्च स्तरीय बैठक
- साइबर सुरक्षा, ब्लॉक चेन, एआई व अन्य उभरती तकनीकों में मिलेगा साथ
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। आईआईटी कानपुर और सूचना प्रौद्योगिकी विकास एजेंसी (आईटीडीए) प्रदेश में साइबर सुरक्षा के लिए मिलकर काम करेंगे। बृहस्पतिवार को आईआईटी कानपुर के प्रतिनिधिमंडल के साथ उच्च स्तरीय बैठक में इस पर चर्चा की गई।
आईआईटी कानपुर के निदेशक प्रो. मनीन्द्र अग्रवाल, सी3आईहब-आईआईटी कानपुर की सीईओ डॉ. तनिमा हाजरा और सी3आईहब के सीटीओ डॉ. रास द्विवेदी ने देहरादून का दौरा किया। उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता सचिव (आईटी) नितेश झा ने की। बैठक के दौरान उत्तराखंड सरकार एवं आईआईटी कानपुर के मध्य साइबर सुरक्षा, ब्लॉकचेन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) एवं अन्य उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। राज्य में नामित मुख्य सूचना सुरक्षा अधिकारियों (सीआईएसओ) व शासकीय अधिकारियों के लिए प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण कार्यक्रमों पर विशेष बल दिया गया, जिससे राज्य की साइबर सुरक्षा संरचना को सुदृढ़ किया जा सके।
सचिव (आईटी) नितेश झा ने साइबर सुरक्षा एवं उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में कार्यरत आईआईटी कानपुर की धारा 8 कंपनी सी3आईहब के साथ साझेदारी को राज्य की डिजिटल अवसंरचना को सशक्त एवं भविष्य उन्मुख बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। प्रो. मनीन्द्र अग्रवाल ने विभिन्न सहयोगात्मक मॉडलों एवं संभावित कार्यक्षेत्रों की जानकारी दी, जिनके माध्यम से आईआईटी कानपुर राज्य सरकार को जमीनी स्तर की तकनीकी एवं शहरी विकास संबंधी चुनौतियों के समाधान में सहयोग प्रदान कर सकता है। दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राज्य सीईआरटी-उत्तराखंड, स्टेट डेटा सेंटर और डीआईसीसीसी-देहरादून स्मार्ट सिटी का भी भ्रमण किया। बैठक में निदेशक आईटीडीए आलोक कुमार पांडेय, अपर निदेशक तीर्थ पाल सिंह, वित्त नियंत्रक तंजीम अली, महाप्रबंधक (सॉफ्टवेयर विकास) शिवानी गोठी और एजीएम (साइबर सुरक्षा) आशीष उपाध्याय भी उपस्थित रहे।