- सांसद त्रिवेंद्र के सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने दिया जवाब, पेयजल की हो रही निरंतर जांच
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। उत्तराखंड में 98 फीसदी ग्रामीण परिवारों तक नल से जल कनेक्शन पहुंच चुके हैं। लगातार पेयजल की जांच भी हो रही है। हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र रावत के संसद में पूछे गए सवाल पर केंद्रीय जल शक्ति राज्यमंत्री वी सोमण्णा ने ये जानकारी दी।
केंद्रीय राज्य मंत्री सोमण्णा ने लिखित उत्तर में बताया कि उत्तराखंड में कुल 14,48,343 ग्रामीण परिवारों में से 14,18,272 परिवारों को नल जल कनेक्शन प्रदान किए जा चुके हैं, जिससे राज्य में कुल कवरेज 97.92 प्रतिशत तक पहुंच गई है। यह उपलब्धि जल जीवन मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन को दर्शाती है। हरिद्वार की स्थिति भी उल्लेखनीय है। जिले के 2,49,303 ग्रामीण परिवारों में से 2,40,751 परिवारों को नल जल कनेक्शन दिए जा चुके हैं, जिससे 96.57 प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित हुई है।
वी. सोमण्णा ने कहा कि हरिद्वार सहित पूरे राज्य में शत-प्रतिशत और सतत जलापूर्ति सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। जल गुणवत्ता की दृष्टि से वर्ष 2025-26 में उत्तराखंड की प्रयोगशालाओं में 80,856 नमूनों का रासायनिक परीक्षण तथा 89,187 नमूनों का जीवाणु संबंधी परीक्षण किया गया है, जिसमें हरिद्वार में 3,309 रासायनिक तथा 3,779 जीवाणु परीक्षण संपन्न किए गए।
सांसद त्रिवेंद्र रावत ने विशेष रूप से इस बात पर बल दिया कि उत्तराखंड की संवेदनशील हिमालयी पारिस्थितिकी को ध्यान में रखते हुए गुरुत्वाकर्षण आधारित जल योजनाएं, वर्षा जल संचयन, स्रोत संरक्षण, भूजल पुनर्भरण, डिजिटल मॉनिटरिंग तथा आपदा-प्रबंधन के लिए फ्लेक्सी-फंड जैसे प्रावधानों को और प्रभावी ढंग से लागू किया जाना आवश्यक है।