प्रदेश के धधकते जंगलों और गर्मी के बीच पश्चिमी विक्षोभ रात से एक्टिव हो गया। इस वजह से प्रदेश के कई हिस्सों में हल्के बादल छा गए। मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के तीन जिलों में हल्की बारिश के आसार जताए हैं। हालांकि राजधानी में गर्मी का असर जारी रहेगा।
प्रदेशभर में रविवार को भी मौसम शुष्क रहा। राजधानी में एक बार फिर इस सीजन का दूसरा सबसे गर्म दिन रहा। अप्रैल में एक बार तापमान 39 डिग्री तक पहुंचने के बाद रविवार को फिर तापमान 38.9 डिग्री पर पहुंच गया। गर्मी से लोग बेहाल रहे।
सूबे के अन्य मैदानी इलाकों में भी तेज धूप और गर्म हवाओं से तापमान काफी ऊंचा रहा। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि सोमवार को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश हो सकती है। बारिश से कहीं न कहीं जंगलों की आग से भी राहत मिलने के आसार हैं।
उन्होंने बताया कि राजधानी में सोमवार को मौसम शुष्क रहेगा। देर रात प्रदेश में कई जगहों पर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से बादलों ने डेरा जमा लिया। आगामी छह मई तक बादल और हल्की बारिश के आसार हैं। इससे तापमान में भी गिरावट आएगी।