तहसील परिसर में अचानक से पानी भर गया, जिसके कारण यहां आने वाले वादकारियों व अन्य लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यालय के पास स्थित एक सिंचाई गूल के चोक हो जाने से इस प्रकार की स्थिति उत्पन्न हुई है।
विज्ञापन
तहसील मुख्यालय पर शनिवार की सुबह भारी जलभराव हो गया। सिंचाई गूल से निकलकर पानी न सिर्फ तहसील के मुख्य रास्ते पर फैल गया बल्कि मेन गेट से होते हुए परिसर में भी भर गया। इस दौरान प्रमाणपत्र, भू संबंधी कामकाज व अन्य वादकारियों को समस्याओं का सामना करना पड़ा। लोग जलभराव के बीच से होते तहसील कार्यालय तक पहुंचे।
तहसीलदार विवेक राजौरी ने बताया कि सिंचाई गूल में कूड़ा व घास आदि फंस जाने से उसका पानी बाहर आ गया था। घास आदि निकालने के बाद पानी का रिसाव बंद हो गया है। गूल की नियमित सफाई के लिए सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।