पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए इसके चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह सहारनपुर के दो भाई चलाते थे। इस काम के लिए उन्होंने दून के दो मैकेनिकों को भी जोड़ रखा था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने आठ दुपहिया वाहन बरामद किए गए हैं। आरोपी इन वाहनों को दूसरे राज्यों में बेचने की तैयारी कर रहे थे। न्यायालय के आदेश पर चारों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने बताया कि 27 अप्रैल को आजाद नगर कॉलोनी निवासी शौकत अली की बाइक उनके घर के बाहर से चोरी हो गई थी। इसी दिन जसवीर निवासी वरुण विहार हसनपुर ने भी ट्रांसपोर्ट नगर से बाइक चोरी होने की शिकायत की। इसके अलावा केदारपुरम निवासी समीक्षा ध्यानी ने इंदिरेश अस्पताल के बाहर से जबकि कारगी ग्रांट निवासी अब्दुल रहमान ने आजाद नगर कॉलोनी से स्कूटर चोरी होने का मुकदमा दर्ज कराया था।
इन घटनाओं खुलासे के लिए एसएचओ पटेलनगर सूर्यभूषण नेगी की अगुवाई में एक टीम बनाई गई। इस दौरान क्षेत्र के 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की गई। जिसके बाद टीम ने मुखबिर की सूचना पर अफजाल नाम के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से टी-एस्टेट से चोरी की गई बाइक बरामद हुई। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चाय बागान से दो और मोटरसाइकिलें बरामद कीं।
अफजाल ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वह अपने भाई जाहिद व दो अन्य साथियों आरिज व सूफियान के साथ मिलकर चोरी करता है। ये दोनों मैकेनिक हैं और गांधी ग्राम में इनकी दुकान है। इस दुकान से पांच अन्य दुपहिया वाहन भी बरामद कर लिए गए। अफजाल ने पुलिस को बताया कि वे चोरी किए गए वाहनों को दूसरे राज्यों में बेचते थे। जबकि कुछ वाहनों काटकर कबाड़ियों को भी बेचते थे। पुलिस ने दोनों मैकेनिकों और कबाड़ी को भी गिरफ्तार कर लिया। जाहिद अभी फरार है।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
- अफजाल निवासी सहारनपुर- वाहन चोर
- सुफियान निवासी गांधीग्राम- मैकेनिक और वाहन चोर
- आरिज निवासी गांधीग्राम- मैकेनिक और वाहन चोर
- मनोज निवासी गांधी ग्राम- कबाड़ी