कर्णप्रयाग के थराली में विभिन्न विभागों में ऑनलाइन सेवाएं उपभोक्ताओं और आम नागरिकों के लिए मुसीबत का सबब बन रही है।
हालात यह है कि तहसील मुख्यालय पर पिछले एक सप्ताह से डाकघर, तहसील, बैंक सहित कई अन्य विभागों में ऑनलाइन कामकाज ठप है। विभागीय अधिकारी इसे बीएसएनएल की इंटरनेट सेवा को ठप होना बता रहे हैं। तो बीएसएनल के कर्मी ओएफसी कटने से समस्या होना बताकर पल्ला झाड़ रहे हैं।
एक सप्ताह से ठप हुई बीएसएनएल की सेवा से सबसे अधिक परेशानी काश्तकारों को उठानी पड़ रही है। लोक निर्माण विभाग द्वारा तहसील की 6 सड़कों के लिए अधिगृहीत भूमि की रजिस्ट्री होनी थी। जिसका 200 से अधिक किसानों को दो करोड़ से अधिक का मुआवजा बंटना है। लेकिन नेट नहीं होने से न तो रजिस्ट्री हो पा रही है और ना ही मुआवजे का भुगतान हो पा रहा है। पीएमजीएसवाई का भी यही हाल है।
ऑनलाइन सेवा प्रभावित होने से विभाग का 8 सड़कों पर 300 से अधिक काश्तकारों को दिए जाने वाला मुआवजा रूका पड़ा है। विकासखंड में मनरेगा सहित अन्य योजनाओं का भुगतान रूका पड़ा है। तो सिंचाई विभाग में भी निर्माण कार्यों का भुगतान नहीं हो पा रहा है। डाकघर के उपभोक्ताओं को भी खाली हाथ वापस लौटना पड़ रहा है।
डाकघर के पोस्टमास्टर बीएस कठैत का कहना है कि कई बार बीएसएनएल के अधिकारियों से वार्ता की गई। लेकिन समस्या जस की तस बनी है। इधर लोनिवि के ईई एसके पांडे और पीएमजीएसवाई के ईई बीएस रावत ने बताया कि इंटरनेट सेवा फेल होने से भूमि की रजिस्ट्री नहीं हो पा रही है। वहीं बीएसएनएल के उपमंडलीय अभियंता बीएस रावत ने बताया कि थराली दूरसंचार केंद्र में कार्ड जल गया है। जिससे सेवा बाधित हो रही है। कार्ड मंगाकर जल्द बदला जाएगा। वहीं ओएफसी के कटने से भी दिक्कत हो रही है।