उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद की ओर से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर दो दिवसीय योग कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसमें योग की ब्रांड एंबेसडर दिलराज प्रीत और मनीष पाल ऑनलाइन योग सिखा रहे हैं। इस बार ‘घर पर योग, परिवार के साथ योग’ थीम पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है।
हर साल 21 जून को विश्व योग दिवस मनाया जाता है। वहीं पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि कोरोना को देखते हुए लोग घर पर रहकर ही योग करें और स्वस्थ रहें। योग शरीर, मन, बुद्धि और आत्मा को एकमस्त करने वाला अद्वितीय माध्यम है। कोरोना काल में रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने के लिए योग ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद की ओर से कोविड की वजह से इस बार 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और सप्ताह ऑनलाइन मनाया जा रहा है। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद की ओर से डायट प्राचार्यों एवं जिला शिक्षा अधिकारियों को इसके लिए नोडल अधिकारी बनाया गया है।
राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए योग सर्वोत्तम उपाय है।
राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा कि लंबे समय से पूरी दुनिया कोरोना संक्रमण के खिलाफ लड़ रही है। महामारी ने मानव जीवन को कई तरह से प्रभावित किया है। इससे लाखों लोग शारीरिक और मानसिक पीड़ा का शिकार हुए हैं। ऐसे समय में इस संकट से उबरने के लिए व्यक्ति को आत्मबल और धैर्य की सबसे अधिक जरूरत है।
जब पूरी दुनिया में महामारी फैली हुई है तब हम अपने अंदर किसी भी प्रकार के असंतुलन एवं अशांति को फैलने से रोकें। उन्होंने कहा कि इसी आत्मबल और संतुलन को बनाए रखने और तनाव को दूर करने में योग की भूमिका अहम है।
राज्यपाल मौर्य ने कहा कि योग हमें शारीरिक और मानसिक तनाव से दूरी बनाए रखने एवं असहज स्थिति में संतुलन बनाने में मदद करता है। रिसर्च की मानें तो इस महामारी के बाद लोगों को बहुत सारी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे लोगों में निराशा और अवसाद पैदा हुआ है।
योग को अपनाकर इन सभी दुष्प्रभावों को दूर किया जा सकता है। उन्होंने सभी से अपील है कि अपनी दिनचर्या में योग को शामिल कर कोरोना संकट का मजबूती से सामना करें।