इंटरनेशनल लिटरेचर एंड आर्ट्स फेस्टिवल ‘वैली आफ वर्ड्स’ में बांग्लादेश और चीन के साथ भारत के युद्ध की धुंधली पड़ी स्मृतियों से समय की गर्द हटेगी। इसके साथ ही विशेष सत्रों में सैन्य अधिकारियों की युद्ध की यादों से लोग रू-ब-रू होंगे।
साथ ही विशेषज्ञ आतंकवाद तथा पड़ोसी देशों के साथ व्यापारिक संबंध आदि मुद्दों की समीक्षा भी करेंगे। शुक्रवार से शुरू हो रहे तीन दिवसीय इंटरनेशनल फेस्टिवल में अमर उजाला मीडिया पार्टनर है।
इंटरनेशनल फेस्टिवल ‘वैली आफ वर्ड्स’ में पुस्तकों के विमोचन, समीक्षा के अलावा विभिन्न घटनाओं की सैन्य स्थिति पर भी चर्चा होगी। इसके लिए विशेष सत्र ‘ट्रेडिंग पार्टनर्स एंड वॉरिंग नेबर्स’ रखा गया है।
इस सत्र का संयोजन कर रहे लेखक अरविंदर सिंह ने बताया कि इस सत्र को मेजर जनरल पीजेएस संधु संबोधित करेंगे। इसमें फोकस चीन पर रहेगा। इसके साथ ही बांग्लादेश, पाकिस्तान आदि की भी चर्चा की जाएगी।