खुफिया विभाग की टीम ने रुड़की के कलियर दरगाह क्षेत्र से एक अफगानिस्तानी नागरिक को गिरफ्तार किया है। कलियर में तीन माह से उक्त नागरिक रह रहा था। खुफिया विभाग के अधिकारी उससे पूछताछ कर रहे हैं। विदेशी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक एलआईयू व स्पेशल ब्रांच की टीम ने कलियर में चैकिंग के दौरान एक 33 वर्षीय अफगानिस्तानी नागरिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने विदेशी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। यह विदेशी नागरिक भारत की कई जगहों पर सात सालों से बिना पासपोर्ट के रह रहा था।
बुधवार को कलियर क्षेत्र में एलआईयू व स्पेशल ब्रांच की टीम ने प्रधानमंत्री के उत्तराखंड दौरे को लेकर कलियर में संदिग्धों की तलाशी की साथ ही चेकिंग अभियान चला रही थी। चेकिंग के दौरान टीम को सूचना मिली की दरगाह क्षेत्र के साबरी बाग में एक विदेशी नागरिक है। टीम ने साबरी बाग में पहुंचकर विदेशी नागरिक से पूछताछ की तो उसने अपना नाम समीर उर्फ सेम निवासी गोवा बताया।