कृषि एवं उद्यान मंत्री गणेश जोशी ने योजनाओं की प्रगति समीक्षा की
अधिकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए धरातल पर निगरानी करें
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। कृषि एवं उद्यान मंत्री गणेश जोशी ने किसानों को प्राकृतिक और मोटे अनाज की खेती से किसानों को जोड़ने के निर्देश दिए हैं। कैंप कार्यालय में कृषि एवं उद्यान विभाग की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि अधिकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए धरातल पर निगरानी करें। प्राकृतिक और मोटे अनाज की खेती को प्राथमिकता देते हुए इसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। चौबटिया स्थित अनुसंधान केंद्र को पुनर्जीवित करने के साथ ही प्रदेश में विलुप्त होती माल्टा की विभिन्न प्रजातियों को पुनर्जीवित करने के प्रयासों को गति दी जाए।
बैठक के दौरान विभागीय मंत्री ने टेस्टिंग लैब एवं इंटीग्रेटेड पैक हाउस निर्माण को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ताकि किसानों को बेहतर बाजार सुविधा एवं मूल्य संवर्धन का लाभ मिल सके। कृषि मंत्री ने महानिदेशक कृषि एवं उद्यान वंदना सिंह को निर्देश दिए कि केंद्रीय बजट के अनुरूप राज्य स्तर पर ठोस एवं व्यावहारिक प्रस्ताव तैयार किए जाएं, जिससे योजनाओं का अधिकतम लाभ प्रदेश के किसानों एवं लाभार्थियों को मिल सके।