मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्ष 2022 में आई आपदा से प्रभावित रायपुर क्षेत्र में सौंग पुल, ग्राम पंचायत खैरी मानसिंह में क्षतिग्रस्त सड़कों और पुश्तों के पुनर्निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने नदी किनारे निर्माणाधीन सुरक्षा दीवारों के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जिलाधिकारी को निर्देशित कर कहा कि सौंग नदी को चैनलाइज करने के कार्य के लिए जल्द से जल्द प्रस्ताव बनाकर भेजा जाए। साथ ही आपत्तियों के निस्तारण के लिए शीघ्र शासन स्तर से कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा जिस भी क्षेत्र में अधिक कटाव की स्थिति पैदा हो सकती है, वहां सुरक्षा दीवारों का निर्माण किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुनर्निर्माण कार्यों की विभिन्न विभागों से समीक्षा रिपोर्ट ली गई है।
उन्होंने कहा कि मानसून से पहले सभी क्षेत्रों और नदियों में जहां कहीं नुकसान होने की संभावना है, उन क्षेत्रों में नदियों की धारा सही की जाए। उन्होंने कहा कि मानसून से पहले पानी की निकासी, मलबे को हटाने का कार्य प्राथमिकता से करने के लिए कहा। साथ ही खैरी मानसिंह में क्षतिग्रस्त सड़कों के पुनर्निर्माण एवं रोड के नीचे सुरक्षा दीवार का निर्माण शीघ्र करने के निर्देश दिए। इस दौरान विधायक उमेश शर्मा काऊ, जिलाधिकारी सोनिका एवं अन्य मौजूद रहे।