एनएच-74 घोटाले की जांच के लिए किसानों और अधिकारियों से पूछताछ में जुटी एसआईटी टीम ने मंगलवार को एसएसपी के निर्देशन में दो पीसीएस अधिकारियों सहित एक रिटायर्ड कानूनगो और तहसीलदार से पूछताछ की।
वहीं सामने आया है कि एनएच-74 घोटाले की जांच में जुटी एसआईटी टीम कांग्रेस प्रदेश सरकार के उस खाते की भी जांच में जुटी है, जिसमें विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी समर्थकों द्वारा मोटा फंड डाला गया था।
इसमें कई सरकारी अधिकारियों की मिलीभगत भी सामने आई थी। अब एसआईटी इसकी जांच भी कर रही है। माना जा रहा है कि खाते की जांच पूरी होने पर कई सफेदपोश लोगों के साथ ही कुछ सरकारी अफसरों पर भी गाज गिर सकती है।
जांच के लिए एसआईटी ने कोषागार के डबल लॉक में बंद दस्तावेजों की मांग के लिए डीजीपी को पत्र भी भेजा है। एनएच-74 के चौड़ीकरण के लिए कुछ साल पहले भूमि अधिग्रहण हुआ था। इसमें कृषि भूमि को व्यावसायिक दिखाकर करोड़ों का मुआवजा हड़पा गया था।
इसका खुलासा तत्कालीन कुमाऊं कमिश्नर डी सेंथिल पांडियन की जांच में हुआ था। खुलासे में एसडीएम कार्यालय में तैनात कई कर्मचारियों के साथ ही कुछ एसएलओ और पूर्व एसडीएम के नाम भी घोटाले में उजागर हुए।
इनकी जांच के लिए एसआईटी टीम का गठन किया गया। मामले की तह तक जाने के लिए पखवाड़ेभर से एसएसपी डॉ. सदानंद दाते के निर्देशन में एसआईटी मामले से जुड़े सरकारी कर्मचारियों के साथ ही अधिकारियों और किसानों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ से पहले एसआईटी द्वारा करीब 50 से अधिक लोगों को नोटिस भेजे गए।